झारखंड में इस समय मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम तेजी से चल रहा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिले ताज़ा आँकड़े बेहद चौकाने वाले हैं—सिर्फ 21 अक्टूबर तक, पूरे राज्य में फॉर्म-6 के ज़रिए यानी नए नाम जोड़ने के लिए 8 लाख 61 हजार से ज़्यादा आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं!
यही नहीं, अगर बाकी फॉर्म्स की बात करें, तो
फॉर्म-7 के तहत नाम हटाने के लिए 23,920 आवेदन
और फॉर्म-8 यानी नाम में सुधार या ट्रांसफर के लिए 5 लाख 44 हजार से ज़्यादा आवेदन ऑनलाइन दर्ज हो चुके हैं। वहीं, सिर्फ 22 अक्टूबर की बात करें तो फॉर्म-6 के 6,365, फॉर्म-7 के 1,392 और फॉर्म-8 के 2,025 नए आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं। प्रवासी मतदाताओं के फॉर्म-6ए के तहत कुल 120 आवेदन मिल चुके हैं। वोटर लिस्ट में नया नाम जुड़वाने, नाम हटवाने, या किसी भी तरह के संशोधन और ट्रांसफर के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर तय की गई है।
यानी, जिन नागरिकों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास अपनी लोकतांत्रिक ज़िम्मेदारी निभाने के लिए सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं!निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार, झारखंड की फाइनल वोटर लिस्ट 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित कर दी जाएगी। इसलिए, किसी भी अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए, आज ही अपने नजदीकी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क करें या Voter Service Portal / Voter Helpline App के ज़रिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समय रहते पूरी कर लें।
