सहरसा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन : 47वें स्थापना दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का भव्य स्वागत
सहरसा : भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी बुधवार को सहरसा पहुंचे. उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जैसे ही सहरसा पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. बलुआहा पुल पर बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया.
इस दौरान संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं,बल्कि यह कार्यकर्ताओं के त्याग,समर्पण और संघर्ष का प्रतीक है.
कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी रही,जिससे पूरा माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया. हर तरफ बीजेपी के झंडे और नारों की गूंज सुनाई दी.
फिलहाल,इस आयोजन को लेकर सहरसा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
सहरसा से शशि मिश्रा की रिपोर्ट





