ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत पुलिस की कार्रवाई,करीब एक किलो अवैध अफीम और कीपैड मोबाइल बरामद; 40वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
चतरा: झारखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चतरा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत पत्थलगड्डा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब एक किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रांची से अवैध मादक पदार्थ खरीदकर पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के रास्ते गिद्धौर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पत्थलगड्डा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी टीम का गठन किया। इसके बाद थाना क्षेत्र के नावाडीह स्थित मेलवाड़ा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
एक किलो अफीम और मोबाइल फोन बरामद
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़, ऊपर टोला निवासी करीब 40 वर्षीय संजय ठाकुर उर्फ संतोष कुमार ठाकुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से करीब एक किलोग्राम अवैध अफीम और आईटेल कंपनी का एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।
NDPSएक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में पत्थलगड्डा थाना कांड संख्या 63/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत जारी है कार्रवाई
एसडीपीओ ने बताया कि चतरा जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से ऑपरेशन क्लीन चतरा चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है। अब पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
चतरा से संजय कुमार की रिपोर्ट

