Hindi News / चतरा पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार,शादी के दबाव से बचने के...

युवती की हत्या का खुलासा : चतरा पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार,शादी के दबाव से बचने के लिए रची साजिश

Edited By:  |
prem prasan mein yuvati ki hatya ka khulasa prem prasan mein yuvati ki hatya ka khulasa

चतरा:पिपरवार थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के चर्चित मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले का खुलासा टंडवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभात रंजन बरवार ने प्रेसवार्ता में किया. एसडीपीओ ने बताया कि 6 जून को सफही नदी के किनारे रेत में दबा एक युवती का शव बरामद हुआ था. शव मिलने की सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन कर मामले का खुलासा किया गया.

हत्या के बाद शव को नदी किनारे रेत में दफनाया

जांच के दौरान घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया था. एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे. प्रारंभिक जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी थी,लेकिन तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर मृत युवती की पहचान रांची जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में की गई. वह एक जून को घर से मेला देखने के लिए घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी थी. पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि युवती का प्रेम संबंध रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनातू गांव निवासी सूरज कुमार के साथ था. युवती लगातार उस पर विवाह करने का दबाव बना रही थी, जबकि वह शादी करने से बच रहा था. इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती की हत्या की साजिश रची. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि एक और दो जून की रात युवती को मेला दिखाने और शादी की बातचीत करने का झांसा देकर पड़रिया जंगल क्षेत्र में बुलाया गया. वहां आरोपियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और बाद में चाकू एवं ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी.

हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक समेत अन्य सामान बरामद

घटना को छुपाने के उद्देश्य से शव को सफही नदी के किनारे रेत में दफना दिया गया.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू,घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल समेत अन्य सामग्री बरामद की गई.