PATNA :बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने एकबार फिर से BPSC शिक्षक भर्ती में नये घोटाले का सनसनीखेज आरोप लगारकर नीतीश सरकार को घेरा है। 'हम' संरक्षक ने शिक्षक नियुक्ति के बाद अब पोस्टिंग घोटाला का बड़ा आरोप लगाया है।


मांझी ने पोस्टिंग घोटाले का लगाया आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट साझा किया है और कहा कि शिक्षक नियुक्ति में तो धांधली कर ली, अब पोस्टिंग में भी घोटाला शुरू हो गया है। “मोटा माल” लेकर बाहर राज्यों के शिक्षकों की पदास्थापना शहरों में कर बिहारी शिक्षकों को गांवों मे भेजा जा रहा है। पैसे में बहुत शक्ति होती है भाई। पता नहीं सरकार में शामिल चाचा-भतीजा अनाज खाते हैं या नोट?


गौरतलब है कि BPSC शिक्षक भर्ती को लेकर जीतन राम मांझी लगातार नीतीश सरकार को घेरते हैं। वे पहले भी वे एग्जाम में धांधली का आरोप लगा चुके हैं। इसके साथ ही वे जातीय गणना की रिपोर्ट को लेकर भी काफी मुखर रहे हैं और सरकार पर ताबड़तोड़ हमले करते रहे हैं।

धांधली की शिकायत करने की कही थी बात

गौरतलब है कि जीतन राम मांझी पहले भी BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगा चुके हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश में जो शिक्षकों की बहाली हो रही है, इसमें बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। उन्होंने कहा था कि परीक्षा में हुई धांधली की पूरी शिकायत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भेज दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को भी पत्र भेजा था और मांग की थी कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए, इसके बाद ही रिजल्ट जारी किया जाना चाहिए।

'शिक्षक भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर खेल'

इसके साथ ही जीतन राम मांझी ने कहा था कि BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर खेल हुआ है। मैं लगातार पहले दिन से ही कह रहा हूं कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। इसमें धांधली हुई है और 2 नवंबर को नियुक्ति-पत्र बांटना ग़लत है।