गया : बिहार में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति की शुरुआत हो गई है. बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया जिले के बारा (गंगापुर) पैक्स गोदाम में धान खरीद अभियान का शुभारंभ किया. इस वर्ष राज्य सरकार ने किसानों से कुल 35 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है. सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-A धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है.
धान खरीद की शुरुआत के मौके पर डॉ. प्रेम कुमार ने किसानों से सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसान ऑनलाइन निबंधन कराकर पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से अपना धान बेचें, ताकि उन्हें निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके.
गया जिले में धान अधिप्राप्ति के लिए 313 समितियों को चयन योग्य माना गया है. इन समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीद की जाएगी. खरीद प्रक्रिया शुरू होने से जिले के किसानों को अपनी उपज सरकारी दर पर बेचने का अवसर मिलेगा.
सरकार की ओर से निर्धारित एमएसपी के तहत सामान्य और ग्रेड-A धान की अलग-अलग दरें तय की गई है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे धान बिक्री से पहले अपना ऑनलाइन निबंधन सुनिश्चित करें और संबंधित पैक्स या व्यापार मंडल से खरीद संबंधी जानकारी प्राप्त करें.
धान अधिप्राप्ति अभियान का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना और सरकारी खरीद व्यवस्था को मजबूत करना है. अब किसानों की नजर खरीद केंद्रों की सक्रियता और धान के समय पर भुगतान पर रहेगी.
संजय कुमार की रिपोर्ट--
