पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें : पलामू में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह से हड़कंप,पंपों पर दिखी भारी भीड़
पलामू:जिले के मेदिनीनगर शहर सहित कई प्रखंड क्षेत्रों में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाह के कारण अचानक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शुक्रवार शाम से ही लोग बड़ी संख्या में अपने वाहनों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचने लगे. देखते ही देखते कई पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें लग गई और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. शनिवार सुबह से यह भीड़ और अधिक बढ़ गई, जिससे कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
शहर के कई पेट्रोल पंप पर जल्द तेल भरवाने की होड़ में लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारामारी जैसी स्थिति देखने को मिली. कई लोग अपने वाहनों का टैंक फुल कराने के साथ-साथ अतिरिक्त बोतलों और डिब्बों में भी पेट्रोल-डीजल लेते दिखे. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कमी होने की खबर तेजी से फैलने के बाद लोगों में घबराहट का माहौल बन गया. इसी अफवाह के चलते लोग जल्द से जल्द तेल भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े. हालांकि स्थानीय स्तर पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य बताई जा रही है और किसी तरह की कमी की पुष्टि नहीं हुई है.
प्रशासन ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं. अधिकारियों का कहना है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।





