Patna : पटना में सोमवार को अलग-अलग मांगों को लेकर किसान-मजदूर संगठनों और बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस यानीBUHS के छात्रों का प्रदर्शन देखने को मिला. गांधी मैदान से शुरू हुआ यह मार्च देखते ही देखते शहर के प्रमुख इलाकों तक पहुंच गया. प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे.
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 12 जनसंगठनों की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर गांधी मैदान से लोकभवन की ओर मार्च निकाला गया. वहीं, वामदलों और मजदूर संगठनों की ओर से बाढ़-सुखाड़ के स्थायी समाधान, महंगाई और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर आंदोलन किया गया. प्रदर्शन में किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन, ट्रेड यूनियन, आइसा और बिहार महिला समाज समेत कई संगठन शामिल रहे.
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी. यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ते हुए डाकबंगला चौराहा पहुंच गए.
इधर, बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस के छात्रों ने स्थायी कुलपति की नियुक्ति और शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. छात्रों की ओर से मुख्यमंत्री आवास घेराव का भी ऐलान किया गया था.
प्रदर्शन के कारण गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई. पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और यातायात सामान्य बनाए रखने की कोशिश की गई. अलग-अलग संगठनों के मार्च के कारण पटना में सोमवार को कई प्रमुख सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रही.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
