Hindi News / पड़ोसियों के विवाद में युवक की मौत,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

पटना : पड़ोसियों के विवाद में युवक की मौत,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Edited By:  |
patna patna

पटना:जिलेके दीघा थाना क्षेत्र में पानी की टंकी खोदने को लेकर शुरू हुआ पड़ोसियों का विवाद एक युवक की जान ले बैठा.शत्रुधन यादव नाम के शख्स का इलाज के दौरान मौत होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने दानापुर-दीघा मार्ग जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और दीघा थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है. दीघा थाना क्षेत्र में पानी की टंकी खोदने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान मारपीट में गंभीर रूप से घायल शत्रुधन यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश आ गया.

गुस्साए लोगों ने दानापुर-दीघा मुख्य मार्ग को जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दीघा थाना पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया.इधर, दीघा थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी संतोषी राय के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है.

FIR में आधा दर्जन से अधिक लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पानी टंकी खोदने को लेकर हुए आपसी विवाद से जुड़ा पाया गया है. सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है.

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, मृतक के परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं.