परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ : मां से कहा था, "बाद में बात करूंगा"... कुछ घंटों बाद आ गई शहादत की खबर
जहानाबाद :जिले केहुलासगंज प्रखंड के बनवरिया गांव के रहने वाले भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार असम में हुए विमान हादसे में शहीद हो गए. शनिवार को जोरहाट एयरबेस परAN-32विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से यह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें शुभम समेत 5 वायुसेना कर्मियों ने देश सेवा के दौरान अपने प्राण न्योछावर कर दिए.
शहादत की खबर मिलते ही बनवरिया गांव और पूरे जहानाबाद में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे शुभम ने अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात की थी. तो जल्दबाजी में उन्होंने कहा था, "अभी थोड़ा व्यस्त हूं, बाद में आराम से बात करूंगा." लेकिन यह उनकी आखिरी बातचीत साबित हुई.
शुभम के छोटे भाई सत्यम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पहले किसी को विश्वास नहीं हुआ. बाद में फोन के जरिए घटना की पुष्टि हुई, जिसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
एक साधारण किसान परिवार से आने वाले शुभम ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर वर्ष2021में भारतीय वायुसेना में अधिकारी के रूप में स्थान बनाया था. परिवार के अनुसार उन्होंने देश सेवा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल शादी करने से भी इंकार कर दिया था.
मिलनसार और सरल स्वभाव के शुभम की शहादत पर पूरे जिले को गर्व है. गांव के लोग नम आंखों से अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं.
देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जहानाबाद के वीर सपूत फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को शत-शत नमन.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





