गढ़वा: बड़ी खबर गढ़वा से है जहां सदर थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर नदी के पुल के नीचे से शव को बरामद कर लिया है. वहीं घटना के बाद आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.

बताया जा रहा है कि शहर से होकर गुजरी सरस्वती नदी में आयी बाढ़ में दानिश कुरैशी नामक युवक नदी में डूब गया. घटना के बाद उसके शव को बुधवार को अहले सुबह साढ़े पांच बजे शहर के सोनपुरवा मुहल्ला से होकर गुजरी नदी के पुल के नीचे से बरामद किया गया है. शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की काफी भीड़ देखी गई.

घटना के संबंध में लोगों का कहना है कि ऊंचारी मुहल्ला के पास दो युवक सरस्वती नदी में आयी बाढ़ में नहा रहे थे. इसी दौरान अचानक दोनों युवक बाढ़ के पानी की तेज धारा में बहने लगे. घटना में एक युवक ने किसी तरह तैर कर जान बचाई जबकि दूसरा युवक पानी के तेज बहाव में बह गया जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में गम का माहौल है.