बिहार के नवादा में पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी और बेटे की निर्मम हत्या कर दी है। घटना नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के पनछेका गांव का है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति अपनी पत्नी और बच्चे की सिर्फ इस बात के लिए हत्या कर दी की महिला ने ससुराल जाने से मना कर दिया था। आरोपी ने बताया कि दशहरा के दौरान ही उसकी पत्नी मायके आ गई थी। वह लगातार अपनी पत्नी को घर ले जाने के लिए आ रहा था लेकिन हर बार वो मना कर देती थी और पति को अकेले ही घर वापस जाना पड़ता था । इस बार भी इसी बात से चिढ़कर उसने पत्नी और बच्चे की हत्या कर दी।
मृतका के पिता ने इस मामले में बताया कि घर के सभी लोगों ने बलराम को बहुत समझाया था कि छठ के बाद वह उसे ले जाए। घर मे इस बार छठ का त्योहार हो रहा है, इसलिए पारण के बाद वह विदाई कर देंगे। इसके बाद रविवार देर रात तक सबकुछ ठीक-ठाक था। सोमवार सुबह जब पूनम के पिता ने उन्हें जगाने के लिए कमरे में गए तो उन्हें बेटी और नाती की लाश मिली। इसके बाद पूरे घर में कोहराम मच गया।
गांव में यह बात तेजी से फैल गई। इसके बाद कुछ ग्रामीण आरोपी बलराम को तलाशने लगे तो वह नारदीगंज के परड़िया गांव में पकड़ा गया। पत्नी और बच्चे की हत्या कर अहले सुबह वह पैदल ही गांव से निकल गया था। ग्रामीण उसे मारते पीटते गांव लेकर आए और हत्या की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंचीं पुलिस ने मौके से दोनों शव को अपने कब्जे में लेते हुए उनको पोस्टमॉर्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आयी। आरोपी युवक रांची में राजमिस्त्री का काम करता है। पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी।

