गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में नशामुक्ति दिवस के अवसर पर गुरुवार को नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान मिंज स्टेडियम से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रभात फेरी अंबेडकर चौक, घोष मोड़ और मोहनिया चौक होते हुए पुनः मिंज स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई. इस दौरान बच्चों ने लोगों को शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया. साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया गया.

गोपालगंज में स्कूली बच्चों ने दिया नशामुक्त समाज बनाने का संदेश, उत्पाद अधीक्षक ने लोगों से की नशे से दूर रहने की अपील

वहीं, कार्यक्रम के दौरान उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा ने बताया कि 26 नवंबर को नशामुक्ति दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग और मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के संयुक्त सहयोग से इस प्रभात फेरी का आयोजन किया गया. इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति के साथ-साथ संविधान दिवस को लेकर भी शपथ दिलाई गई.

उत्पाद अधीक्षक ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है. शराब सहित किसी भी प्रतिबंधित मादक पदार्थ के सेवन और बिक्री से दूर रहें. यदि कहीं भी अवैध शराब या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.

उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि नशे से खुद भी दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति अभियान से जोड़ें. जागरूकता और सामूहिक प्रयास से ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-