जमालपुर में किराये के मकान में मिला पूजा कुमारी का शव, चाकू से वार कर हत्या की आशंका; FSLटीम ने जुटाए साक्ष्य,मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में एक विवाहिता की गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना जमालपुर थाना क्षेत्र की है, जहां किराये के मकान में रहने वाली पूजा कुमारी की चाकू से हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।

2016 में हुई थी शादी,किराये के मकान में रहती थी पूजा

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा कुमारी की शादी वर्ष2016 में दशरथपुर के इटवा निवासी अशोक मंडल के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ जमालपुर फाड़ी के समीप एक किराये के मकान में रह रही थी।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मुंगेर पहुंचे। पूजा के भाई ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।

चाकू से हत्या के मामले में पति गिरफ्तार

मामले को लेकर एसपी ने बताया कि विवाहिता की चाकू से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं, FSL की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पति-पत्नी के बीच पहले से चल रहा था विवाद

एसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। ससुराल पक्ष को लेकर भी दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। बताया गया कि आरोपी पति पूर्व में कुछ समय के लिए घर से गायब हो गया था। इसको लेकर पत्नी ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में पति वापस लौट आया था।

पुलिस को आशंका है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस कर रही मामले की गहन जांच

फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट औरFSL जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि पुलिस जल्द से जल्द अनुसंधान पूरा कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट