मोतिहारी:बिहार के मोतिहारी में पुलिस ने जाली नोटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4.95 लाख रुपये के भारतीय जाली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि कथित मुख्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अब जाली नोटों के स्रोत और तस्करी के संभावित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी है।

सेमरा के पास पुलिस की कार्रवाई

मामला तुरकौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा के समीप का है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 4.95 लाख रुपये के जाली भारतीय नोट बरामद किए गए। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा आरोपी पुलिस को देखकर अंधेरे में भागने में सफल रहा। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि जाली नोटों की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी, इसका पता लगाया जा सके।

नेपाल से जाली नोट लाने की जानकारी

मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जाली नोट नेपाल से लाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य जांच एजेंसियों की मदद से भी पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा जाली नोटों की तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।

अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच

नेपाल से जाली नोट लाए जाने की जानकारी के बाद मामले में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

मोतिहारी से अमित कुमार की रिपोर्ट