रांचीःदिल्ली के रामलीला मैदान में1नवंबर को होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर झारखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने दावा किया है कि इस रैली में राज्य से12हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं।
राज्यभर में चलाया गया लोकतंत्र बचाओ अभियान
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि2अक्टूबर से8अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ चलाया गया। इसके तहत कार्यक्रम आयोजित कर लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल हैं और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
SIRऔर चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर भी सवाल
कांग्रेस नेताओं ने सवाल किया कि मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम हटाए जाने के बाद संबंधित लोगों को दोबारा फॉर्म-6भरने की जरूरत क्यों पड़ रही है। पार्टी का कहना है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित तरीके से नहीं कटना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।
दिल्ली रैली में झारखंड से बड़ी भागीदारी का लक्ष्य
झारखंड कांग्रेस ने रैली को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी का लक्ष्य राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाना है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक,रैली में मतदाता अधिकार,चुनावी पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट

