मौसम : झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय, रांची में कई स्थानों पर हो रही झमाझम बारिश
रांची : राजधानी रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ती दिख रही है. मानसून टर्फ और दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र पर बने लो प्रेशर एरिया की वजह से सोमवार को राजधानी रांची समेत झारखंड के कई इलाकों में बादल छाये हुए हैं. अगर बात करें रांची कि, तो अभी फिलहाल राजधानी के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है.
सोमवार को राजधानी रांची में कड़ी धूप निकलने के बाद अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला. अचानक करीब 12 बजे शहर के मेन रोड, हरमू, अरगोड़ा चौक,बिरसा चौक, सेल सिटी (धुर्वा) समेत कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर को राज्य के अलग अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. इस दौरान वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. जमशेदपुर के लिए भी सोमवार को सामान्य रुप से बादल छाये रहने और एक-दो दौर की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है.
झारखंड मौसम विभाग के अनुसार 8 सितंबर को भी झारखंड के कई हिस्सों में बादल छाये रहने और बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जतायी गई है.
9 सितंबर को भी झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. राज्य के उत्तर पश्चिमी और उसे सटे मध्य जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला एवं हजारीबाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. 8 से 10 सितंबर तक बारिश का दायरा बढ़ेगा और कई स्थानों पर वर्षा होगी. 9 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश का अनुमान है. इस दिन लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग सहित उत्तर पश्चिम और मध्य भागों में भारी बारिश की चेतावनी है. 11 और 12 सितंबर को कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है.





