धनबाद : धनबाद रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रेलवे की इमरजेंसी घंटी लगातार बजने लगी. यात्रियों को लगा कि कुछ बड़ी घटना हुई है. बाद में यात्रियों को पता चला कि रेलवे के द्वारा आपातकाल से निपटने के लिए मॉक ड्रिल किया जा रहा है.

धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर के यार्ड में सवारी गाड़ी के एक बोगी को दूसरे बोगी पर चढ़ा कर यह दर्शाया गया कि आपातकाल स्थिति में यात्री ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने पर किस तरह से बचाव कार्य चलाया जाएगा. या हम यूं कहें कि रेलमंडल आपातस्थिति से निपटने के लिए कितनी तैयार है. इसकी वस्तु स्थिति को जानने के लिए यह मॉक ड्रिल किया गया. इस दौरान धनबाद रेलमंडल के मंडल प्रबंधक कमल किशोर सिन्हा,आरपीएफ कमांडेट समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे.

वहीं इस मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ की टीम, आरपीएफ, जीआरपी, एनसीसी की टीम समेत कई टीमें बचाव कार्य में लगी रही. इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए डीआरएम कमल किशोर सिन्हा ने कहा कि आपात स्थिति में हम कितने तैयार हैं इसको लेकर इस तरह का मॉक ड्रिल अतिआवश्यक है. समय समय पर रेलवे मॉक ड्रिल के माध्यम से अपनी तैयारियों का जायजा लेते रहती है. इस दौरान कोई कमियां रहती है तो उसे दूर करने का प्रयास भी किया जाता है.