भाकपा माओवादियों का PLGA सप्ताह शुरू हो गया है। 2 दिसंबर से लेकर 8 दिसंबर तक माओवादी PLGA सप्ताह मनाएंगे। PLGA सप्ताह को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की तरफ से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया गया है। झारखंड पुलिस के हाथों लगातार शिकस्त खा रहे नक्सली संगठन किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं।

झारखंड पुलिस के आईजी अभियान अमोल होमकर ने सभी जिलों के एसपी को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि सभी SP कोबरा, जगुआर और केंद्रीय पारा मिलिट्री फोर्स के साथ रणनीति बनाकर माओवादियों के मूवमेंट पर नजर रखें और उसे रोकने का काम करे। रेलवे, नक्सलियों का हमेशा से सॉफ्ट टारगेट रहा है, जिसे देखते हुए रेलवे रूट पर विशेष चौकसी बरतने की हिदायत भी मुख्यालय के द्वारा दी गई है। पुलिस मुख्यालय के द्वारा निर्देश जारी किया गया है कि रेलवे के साथ साथ केंद्र और राज्य के प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी एहतियाती कदम उठाएं। माओवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए CRPF, SSB, RPF, CISF के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश भी दिया गया है।
भाकपा माओवादियों के ईआरबी के सचिव व पोलित ब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस उर्फ किशन दा की गिरफ्तारी से नक्सली बौखलाए हुए हैं। झारखंड में किसी बड़े हमले को अंजाम देकर नक्सली अपनी धमक को दिखाना चाहते हैं।
नक्सली संगठन उन लोगों की तलाश में भी लगा है जिन लोगों ने पुलिस से प्रशांत बोस की मुखबिरी की है। जानकारी मिल रही है कि पारसनाथ इलाके में नक्सली संगठन के द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर नक्सलियों को किसी के ऊपर जरा सा भी शक हुआ तो अगले इंसान की जान जा सकती है ,ऐसे में पारसनाथ में भी सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
आपको बता दें की नक्सली संघटन के द्वारा आज पोस्टर लगा कर PLGA सप्ताह मनाने की जानकारी दी है।
