पलामू: झारखंड और बिहार में सक्रिय प्रतिबंधित माओवादी संगठन के खिलाफ पलामू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड में 10 लाख रुपये और बिहार में 3 लाख रुपये के इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी कर जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियारों और कारतूसों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। बरामद हथियारों में 7.62 एमएम की स्वचालित एसएलआर राइफल भी शामिल है।
गुप्त सूचना पर महाराष्ट्र में हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड और बिहार में कई मामलों में वांछित माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव महाराष्ट्र के ठाणे में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर मुंबई एटीएस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इसके बाद 6 नवंबर 2026 को छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार और हरिहरगंज थाना प्रभारी कुमार सौरभ को महाराष्ट्र भेजा गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पलामू पुलिस की टीम ने संजय यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद छतरपुर थाना कांड संख्या 166/23 में 7 नवंबर को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे पलामू लाया गया। 9 नवंबर को न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
63आपराधिक और उग्रवादी मामलों में है आरोपी
पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार माओवादी के खिलाफ झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों में कुल63आपराधिक एवं उग्रवादी मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू में32,बिहार के औरंगाबाद में20,गया में10और गढ़वा में एक मामला शामिल है।

पुलिस रिमांड में पूछताछ के बाद जंगल से मिला हथियारों का जखीरा
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि 10 नवंबर को पिपरा थाना कांड संख्या 28/20 में पुलिस रिमांड के दौरान संजय यादव से पूछताछ की गई। उसके स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही के आधार पर हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की गई। इस दौरान जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए।
माओवादी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पलामू एसपी ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी के अन्य सहयोगियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों का जखीरा किस उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा गया था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कई पुलिस अधिकारियों ने अभियान में निभाई अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला, छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार, हरिहरगंज थाना प्रभारी कुमार सौरभ, नवाबाजार थाना प्रभारी संजय यादव, लठिया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार तथा झारखंड जगुआर के अधिकारी अमित कुमार और महेंद्र कुमार सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित माओवादी संगठन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पलामू से संवाददाता की रिपोर्ट।

