झारखंड के जमशेदपुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है,जहाँ स्कूली बच्चों को ले जा रही एक पैसेंजर ऑटो को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ऑटो में सवारआठ बच्चे घायल हो गए हैं।

यह हादसा टेल्को थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर हुआ। घायल बताए जा रहे सभी बच्चे गुरु नानक स्कूल,टेल्को के विद्यार्थी हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई,जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्कालटाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया,जहाँ उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,कार बेहद तेज रफ्तार में थी और रिंग रोड के पास अचानक अपना नियंत्रण खो बैठी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि,पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

इस दुर्घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.