रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन आज सदन की कार्यवाही चल रही है. इस बार विधानसभा का मानसून सत्र काफी हंगामेदार चल रहा है. विपक्ष राज्य सरकार को विधि व्यवस्था सहित कई मुद्दों को लेकर घेर रही है. वहीं सत्ता पक्ष भी पलटवार कर रही है.

सदन की कार्यवाही शुरु होने के बाद बीजेपी सदस्य लगातार वेल में आकर हंगामा किया. भाजपा विधायकों ने बेरमो में तजिया जुलूस के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मारे और घायल लोगों के मुआवजे और नौकरी का मामला उठाया.. वहीं कांग्रेस नेता इरफान अंसारी ने सुखाड़ और मुआवजा का सवाल उठाया. निरल पूर्ति ने एसएलपीएस कर्मचारियों के बकाये वेतन की मांग उठाये. विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने आरक्षित 30461 पद खाली रहनेके कारण सरेंडर का मामला सदन में उठाया. विधायक अंबा प्रसाद ने टेट पास शिक्षकों को वेतनमान देने का मामला सदन में उठाया.

सदन की दूसरी पाली में कृषि विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय में ऊर्जा विभाग,उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग,निगरानी विभाग,वाणिज्य कर विभाग,स्वास्थ्य ,चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग,उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग,वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग,गृह,कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ,खान एवं भूतत्व विभाग के अनुदान मांगों पर कटौती प्रस्ताव पर वाद–विवाद होगा. फिलहाल सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.