दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बोकारो की नदियां उफान पर हैं। गरगा डैम में पानी लबालब भरने के बाद जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन ने डैम के फाटक खोल दिए हैं। इसके बाद गरगा नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।इधर, चास के भर्रा पुल के ऊपर से भी पानी बह रहा है। बोकारो सेक्टर से भर्रा जाने के लिए बड़ा पुल मौजूद है, इसके बावजूद कुछ लोग छोटे पुल से जोखिम उठाकर आवागमन कर रहे हैं। पानी के तेज बहाव के बीच इस पुल से गुजरना हादसे को न्योता दे सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले भी यहां बाइक और लोगों के नदी में गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं।
इसके बावजूद कुछ लोग यहां स्नान करने के साथ-साथ पुल से आवाजाही कर रहे हैं। स्थानीय निवासी तौफीक अली ने जिला प्रशासन से पुल के पास बैरिकेडिंग लगाने की मांग की, ताकि वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके।वहीं मोहम्मद करीम ने कहा कि बारिश के दिनों में पुल बेहद खतरनाक हो जाता है और यहां से गुजरने में डर लगता है। उन्होंने प्रशासन से पुल को तत्काल बंद करने की मांग की है।
