Hindi News / विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा, मुख्य आरोपियों महाकाल और राकेश के...

JHARKHAND NEWS : विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा, मुख्य आरोपियों महाकाल और राकेश के घर कुर्की-जब्ती

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी अपहरण सह हत्याकांड में पलामू पुलिस ने फरार मुख्य आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के घरों से विभिन्न सामानों को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।पुलिस की यह कार्रवाई फरार आरोपियों पर दबाव बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

25 अप्रैल को हुआ था अपहरण, अगले दिन मिला था शव

बता दें कि 25 अप्रैल 2026 को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का अपहरण किया गया था। अपहरण के अगले दिन 26 अप्रैल को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से उनका शव बरामद किया गया था। घटना के बाद से यह मामला जिले के बहुचर्चित आपराधिक मामलों में शामिल हो गया।

तीन आरोपियों को पुलिस भेज चुकी है जेल

विनीत तिवारी अपहरण सह हत्याकांड में पलामू पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पिछले दिनों मामले के मुख्य आरोपितों में शामिल प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया गया था। वहीं रौशन तिवारी ने पुलिस के समक्ष थाने में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस इससे पहले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।हालांकि, प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। दोनों फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के बाद पुलिस का शिकंजा और कस गया है। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बाद विनीत तिवारी हत्याकांड के फरार आरोपियों प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और राकेश तिवारी के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।