Hindi News / मॉब लिंचिंग का खौफनाक मंज़र: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में भीड़ ने...

JHARKHAND NEWS : मॉब लिंचिंग का खौफनाक मंज़र: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में भीड़ ने युवक को मार डाला

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में मंगलवार को आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामला अपहरण और दुष्कर्म के आरोपों से जुड़ा है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है।परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले शौच के लिए घर से निकली एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप इस युवक पर लगाया गया था। मंगलवार की सुबह जब लड़की अपने घर लौटी और उसने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, तो इलाके में गुस्सा भड़क उठा।देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी के घर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने युवक को घर से खींचकर सड़क पर लाया और लाठी-डंडों तथा पत्थरों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आए युवक के पिता के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है।इस दर्दनाक मॉब लिंचिंग की घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और बाकियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने इलाके में अफवाहों के जरिए तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों को चेतावनी दी है और आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की बिना पुष्टि की सूचना पर विश्वास न करें।इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि पुलिस की मौजूदगी में भी युवक की पिटाई जारी रही। हालांकि, टंडवा के एसडीपीओ प्रभात रंजन ने पुलिस की मौजूदगी में मारपीट होने के इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज किया है।एसडीपीओ का कहना है कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही उग्र भीड़ युवक पर हमला कर चुकी थी। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत टंडवा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते उसे हजारीबाग रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।