गिरिडीह शहर को स्वच्छ रखने में अपनी मेहनत लगाने वाले एक सफाईकर्मी को मौत के बाद भी सम्मानजनक व्यवस्था नहीं मिल सकी। गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित रानी तालाब में डूबने से दैनिक सफाईकर्मी सोनू हाड़ी की मौत हो गई। लेकिन उनकी मौत से भी ज्यादा संवेदनहीनता तब सामने आई, जब उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कचरा ढोने वाली गाड़ी से पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, दुर्गा स्थान के पीछे स्थित रानी तालाब में पैर फिसलने से सोनू गहरे पानी में डूब गए।डूबने से उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उनका शव बाहर निकाला।

घटना की सूचना पर मेयर प्रमिला मेहरा मौके पर पहुंचीं और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। शुरुआत में परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन समझाने के बाद सहमत हो गए।इसी दौरान शव को कचरा गाड़ी से ले जाने का मामला सामने आया, जिस पर मेयर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे घोर लापरवाही बताया और नगर आयुक्त से बात करने की बात कही।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शव वाहन उपलब्ध हैं, तो उनका इस्तेमाल क्यों नहीं हुआ? आखिर इस गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार कौन है? यह घटना व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है।