एमिटी विश्वविद्यालय में आज मना छठा दीक्षांत समारोह हुआ.समारोह के दौरान एमिटी विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष एवं कुलाधिपति डॉ. अशोक के. चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके जीवन में दादा-दादी, नाना-नानी एवं माता-पिता के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर दुनिया में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य करें.

एमिटी विश्वविद्यालय झारखंड के कुलाधिपति डॉ. अतुल चौहान ने वर्ष 2026 के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उपाधि प्राप्त करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि आपमें से प्रत्येक विद्यार्थी एक परिवर्तन का प्रतीक बनकर उभरा है। यह परिवर्तन केवल एक डिग्री तक सीमित नहीं है। आज आप केवल स्नातक नहीं हैं, बल्कि दुनिया को बदलने के एक महान उद्देश्य का हिस्सा हैं।”समारोह में कुल 812 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें से 32 विद्यार्थियों को मानव एवं पारंपरिक मूल्यों के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रतिष्ठित श्री बलजीत शास्त्री जी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक प्रदर्शन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 11 स्वर्ण पदक, 11 रजत पदक एवं 7 कांस्य पदक प्रदान किए गए।समारोह के दौरान अन्य विशिष्ट पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। इनमें 5 सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण विद्यार्थी ट्रॉफी (बेस्ट मैनेजर), 3 डॉ. अशोक के. चौहान 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति पुरस्कार तथा 6 प्रशस्ति-पत्र शामिल रहे।इस गौरवपूर्ण अवसर को और भी विशेष बनाते हुए उद्योग जगत की दो प्रतिष्ठित हस्तियों को डॉक्टरेट डिग्री (डॉक्टर ऑफ लेटर्स/मानद डॉक्टरेट) से सम्मानित किया गया। इनमें एल. कैटरटन इंडिया के कार्यकारी अध्यक्ष एवं एल. कैटरटन एशिया के चेयरमैन श्री संजीव मेहता तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) श्री आशीषकुमार मणिलाल चौहान शामिल रहे।सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री संजीव मेहता ने इसे अपने लिए एक बड़ा सम्मान बताया, वहीं श्री आशीषकुमार मणिलाल चौहान ने इस उपलब्धि को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण स्थान देने वाला सम्मान बताया।

रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट