हजारीबाग राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर जहां देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई, वहीं हजारीबाग झील परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के आसपास की बदहाल स्थिति चर्चा में रही। प्रतिमा तक पहुंचने वाली सीढ़ियां टूटी हुई नजर आईं, वहीं प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त दिखाई दी।स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे प्रतिमा की सुरक्षा और नियमित रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर भी प्रतिमा स्थल की ऐसी स्थिति सामने आने से लोगों में नाराजगी देखी गई। झील परिसर शहर के प्रमुख स्थलों में शामिल है और गांधी जयंती समेत अन्य अवसरों पर यहां लोग प्रतिमा को श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।मामले को लेकर नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि प्रतिमा तक पहुंचने वाली क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की जानकारी मिली है। इंजीनियर को मौके पर भेजकर स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद आवश्यक कार्य की रूपरेखा तैयार कर सीढ़ियों की मरम्मत कराई जाएगी।
महात्मा गांधी की प्रतिमा के संरक्षण और सुरक्षा के लिए नियमित रखरखाव के साथ-साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने की भी जरूरत है।
