पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित SBI की शाखा से 28 लाख 52 हजार 210 रुपये चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार STF से मिली सूचना के आधार पर पटना और बेगूसराय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बेगूसराय में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 25 लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को गांधी मैदान स्थित SBI शाखा में रुपये जमा करने पहुंचे अमित कुमार के बैग से अज्ञात अपराधियों ने 28 लाख 52 हजार 210 रुपये निकाल लिए थे। अमित कुमार मूल रूप से नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के ध्रुव पकरी के रहने वाले हैं और वर्तमान में राजीव नगर में काम करते हैं।

घटना के बाद गांधी मैदान थाने में कांड संख्या 570/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान STF की विशेष टीम को मामले में अहम सुराग मिले।इसके बाद पटना और बेगूसराय पुलिस की टीम ने बेगूसराय मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरिया गांव निवासी विशाल कुमार, पिता अरविंद तिवारी, के घर पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान घर से 25 लाख 46 हजार रुपये नकद बरामद हुए। हालांकि विशाल कुमार मौके पर नहीं मिला और पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो चुका था।

पुलिस अब बरामद रकम को जब्त कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट