Hindi News / उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कोलकाता में झारक्राफ़्ट के नए इम्पोरियम का...

JHARKHAND NEWS : उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कोलकाता में झारक्राफ़्ट के नए इम्पोरियम का किया उद्घाटन

Edited By:  |
Reported By:
jharkhand news jharkhand news

कोलकाता/रांची:झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के थिएटर रोड में झाक्राफ्ट के नए इंपोरियम का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह एम्पोरियम केवल उत्पादों की बिक्री का केंद्र नहीं होगा,बल्कि यह झारखंड के हजारों कारीगरों के सपनों,मेहनत और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा. इससे ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा,महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी. झारक्राफ्ट लगातार राज्य के कारीगरों,बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके हुनर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है.

झाक्राफ्ट के नये एम्पोरियम का उ‌द्घाटन कोलकाता जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगर में होना महत्वपूर्ण उपलब्धि

उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि आज का यह अवसर हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का क्षण है. झाक्राफ्ट के नये एम्पोरियम का शुभ उ‌द्घाटन कोलकाता जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगर में होना हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी प्राकृतिक संपदा के साथ-साथ समृद्ध हस्तशिल्प,हथकरघा,तसर सिल्क,डोकरा कला. बाँस एवं लकड़ी के शिल्प और जनजातीय संस्कृति के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है.

कोलकाता में झारक्राफ्ट का नया इम्पोरियम,दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का करेगी कार्य

इस अवसर पर उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि कोलकाता,कला,साहित्य और संस्कृति का केंद्र रहा है. ऐसे शहर में झारक्राफ्ट के इस नये इम्पोरियम की स्थापना दो राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का कार्य करेगी. यहाँ आने वाले ग्राहकों को झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का सुंदर संगम देखने को मिलेगा.

अन्य महानगरों में भी झारक्राफ्ट का इम्पोरियम खोलने का रहेगा प्रयास

प्रबंध निदेशक,झारक्राफ्ट गरिमा सिंह ने उद्घघाटन समारोह में आये हुए सभी विशिष्ट आगन्तुकों को धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि झारक्राफ्ट का यह नया इम्पोरियम कोलकाता के लोगों के बीच विशेष लोकप्रियता प्राप्त करेगा और झारखंड की कला एवं संस्कृति को नई पहचान दिलाएगा. आने वाले दिनों में झारक्राफ्ट अन्य महानगरों में भी नये इम्पोरियम खोलने के लिए प्रयासरत रहेगा.

झारक्राफ्ट के उत्पाद की देश- विदेश में है माँग

झारक्राफ्ट के विभिन्न प्रोडक्टस यथा साड़ियाँ,डिजाइनर कुर्ती,सलवार सूट. स्कार्फ डुपट्टा,शर्ट,कुर्ता,बंडी,शॉल और सवोत्तम गुणवत्ता वाले रेशम के कपड़े,लेदर बैग इत्यादि विभिन्न प्रोडक्टस ग्राहकों को अपनी ओर आकर्शित कर रहे हैं.

समारोह में उद्योग विभाग सहित झारक्राफ्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे.