पटना : ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में बुधवार को सहकारिता विभाग की ओर से स्थापित सहकारिता मंडप का उद्घाटन सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने किया. इस मंडप के माध्यम से बिहार में सहकारिता आंदोलन की उपलब्धियों, सरकारी योजनाओं, सहकारी समितियों के उत्पादों और ग्रामीण उद्यमिता की गतिविधियों को आम लोगों के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है. इसके लिए कुल 15 स्टॉल लगाए गए हैं.

मंडप में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, भारत टैक्सी, प्राथमिक बुनकर सहकारी समितियों, मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण, शहद उत्पादन, सब्जी विपणन, बिहार राज्य सहकारी बैंक और किसान उत्पादक संगठनों की गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया है. जमालहाता, सिवान, गया और पटना की बुनकर समितियों के साथ दरभंगा की मखाना उत्पादक समिति तथा पूर्वी चंपारण और वैशाली की ग्रामोद्योग समितियों के उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र है.

इस अवसर पर मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार में सहकारिता आंदोलन को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए बिहार राज्य सहकारिता नीति-2026 लागू की गई है. इसके माध्यम से किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को सहकारिता से जोड़कर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जा रहा है. सात निश्चय-3 के तहत सकरी में सहकारी चीनी मिल एवं सह-विद्युत उत्पादन इकाई और रैयाम में आदर्श शुगर कॉम्प्लेक्स विकसित करने की पहल की जा रही है.

मंत्री ने बताया कि 'हर थाली में बिहारी तरकारी' अभियान के तहत 534 प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों और आठ क्षेत्रीय संघों का गठन किया गया है. इनसे 1.18 लाख से अधिक किसान जुड़े हैं. राज्य में अब तक 7,452 गोदामों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिनकी कुल भंडारण क्षमता 19.95 लाख मीट्रिक टन है.

उन्होंने बताया कि सभी 23 जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों और बिहार राज्य सहकारी बैंक का CBS अपग्रेडेशन पूरा हो चुका है. सहकारिता मंडप में प्रतिदिन विभिन्न जिलों की समितियों के प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा भी आयोजित होगी. इस मौके पर विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक रजनीश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

संजय कुमार की रिपोर्ट-