पटना : बिहार में सड़क और पुलों का इस्तेमाल करने वाले व्यावसायिक वाहन चालकों को अब टोल टैक्स देना होगा. पथ निर्माण विभाग ने राज्य के 20 और पुलों एवं राज्य उच्च पथों पर टोल टैक्स की दरें निर्धारित कर दी है. इससे पहले विभाग ने 32 पुलों और सड़कों के लिए टोल की दरें तय की थी. हालांकि, आम लोगों को राहत देते हुए कार, जीप, वैन और अन्य हल्के निजी मोटर वाहनों को टोल टैक्स से पूरी तरह छूट दी गई है.
इन पुलों और पथों पर लगेगा टोल
विभाग की ओर से जिन पुलों और पथों की दरें निर्धारित की गई है, उनमें सकरी नदी पर वारसलीगंज-खरात पथ का पुल, गिरियक-पार्वती पथ, मंझवे-गोविंदपुर पथ, खगड़िया-सोनमनखी पथ पर बागमती नदी का पुल, कांटी-रगई घाट पथ पर गंडक नदी का पुल, मैथी-बखरी-पिलखी पथ और हसनपुर-सखुआ घाट पथ पर करेह नदी का पुल शामिल है.
इसके अलावा बड़हिया-कृष्णा चौक से रामपुर के बीच सुरजीचक पुल, सनहौला-बैसा-हनवारा पथ पर गेड़िया नदी का पुल, बलुआहा घाट-गंडोल पथ पर कोसी नदी का पुल और विशनपुर-अतरवेल पथ पर अरई नदी का पुल भी सूची में शामिल है.
वहीं, हसनपुर-सोहरवारा-सती घाट पथ पर करेह नदी का पुल, फतेहपुर-मोहनपुर-बाराचट्टी के बीच फल्गु नदी का पुल, रोसड़ा-बहेड़ी पथ पर करेह नदी का पुल और घोसी-सुखियावां पथ पर फल्गु नदी का पुल भी शामिल है.
इसके अतिरिक्त चौतरवा-बंसी पथ, धनहा-रतवल पथ, मखदुमपुर-सोनावा-बौड़ी-हुलासगंज पथ, गया-परैया-गुरारू पथ, बेला-श्रीपुर-बराबर लिंक-खिजरासराय पथ तथा अलौली-शहरबन्नी और फूलतौरा घाट पथ के लिए भी दरें निर्धारित की गई है.
जानिए किस वाहन को कितना देना होगा टोल
विभाग के अनुसार व्यावसायिक हल्के वाहनों से 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर, मिनी बस और छोटे मालवाहक वाहनों से 2 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क लिया जाएगा. दो धुरी वाले बस और ट्रक पर 4.25 रुपये तथा तीन धुरी वाले व्यावसायिक वाहनों पर 4.60 रुपये प्रति किलोमीटर टोल लगेगा.
बिहार पथ उपयोगकर्ता शुल्क (दरों का निर्धारण एवं संग्रहण) नियमावली 2026 के तहत दो लेन से अधिक और चार लेन से कम चौड़ी सड़कों पर निर्धारित दर का 60 प्रतिशत तथा चार लेन या उससे अधिक चौड़ी सड़कों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगेगा. मध्यवर्ती लेन वाली सड़कों पर 50 प्रतिशत शुल्क निर्धारित किया गया है. टोल वसूली चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--
