साइबर ठगी के शिकार लोगों के लिए बोकारो साइबर सेल की टीम राहत पहुंचाने का काम कर रही है। साइबर ठगी के बाद जिन लोगों की रकम अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड कराई गई थी, अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उस रकम को पीड़ितों के खातों में वापस कराया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बोकारो में साइबर ठगी के शिकार 6 लोगों को कुल करीब 1 लाख 9 हजार रुपये वापस कराए गए।

दरअसल, बोकारो साइबर थाना की ओर से आज करीब 40 ऐसे लोगों को फोन कर बुलाया गया था, जिनकी ठगी की रकम को साइबर सेल की कार्रवाई के बाद होल्ड कराया गया था। इनमें से 6 पीड़ित साइबर थाना पहुंचे, जिसके बाद प्रक्रिया पूरी कर उनकी रकम वापस कराई गई। पैसे वापस मिलने के बाद पीड़ितों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई.पीड़ितों का कहना है कि वे अलग-अलग माध्यम से साइबर ठगी का शिकार हुए थे। ठगी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद संबंधित खातों में मौजूद रकम को होल्ड कराया गया। चूंकि कई मामलों में रकम अलग-अलग बैंक खातों में पहुंची थी, इसलिए कानूनी और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी होने में समय लगा। अब प्रक्रिया पूरी होने के बाद धीरे-धीरे पीड़ितों की रकम वापस कराई जा रही है।

वहीं, बोकारो के डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार ने बताया कि वर्तमान में बोकारो जिले में साइबर ठगी के करीब 150 पीड़ितों की लगभग 23 लाख रुपये की राशि अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड है। पुलिस की ओर से इन पैसों की वापसी की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में आज 6 पीड़ितों को करीब 1 लाख 9 हजार रुपये वापस कराए गए हैं।