झारखण्ड के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर (नगर उंटारी) सिविल कोर्ट परिसर से बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में एक कैदी के फरार होने की सूचना से हड़कंप मच गया। फरार कैदी की पहचान उमानंद चौधरी, निवासी राजी, थाना खरौंधी के रूप में बताई जा रही है। बताया जाता है कि उमानंद चौधरी हत्या के एक मामले में आरोपी था और काफी समय से फरार चल रहा था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात नगर उंटारी पुलिस के सहयोग से उमानंद चौधरी को सुलसुलिया गांव से पकड़ा गया था। इसके बाद उसे खरौंधी पुलिस के हवाले कर दिया गया। बुधवार को खरौंधी पुलिस उसे न्यायालय में पेशी के लिए श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट लेकर पहुंची थी।

इसी दौरान कोर्ट परिसर में पुलिस अभिरक्षा के बीच उमानंद चौधरी के फरार होने की सूचना सामने आई। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी।वहीं, घटना के बाद कैदी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कोर्ट परिसर में चर्चा रही कि कैदी को लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी मोबाइल फोन चला रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस अभिरक्षा में हत्या के आरोपी कैदी को भागने का मौका कैसे मिला? सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

इस मामले पर मोबाइल से बात करते हुए एसडीपीओ श्रीबंशीधर नगर सतेंद्र नारायण सिंह ने कहा की एक कैदी फरार हुआ है हत्या के नियत से अपने भाई के साथ मारपीट किया था उसी मे नामजद आरोपी था पुलिस आरोपी के तलाश मे जुटी है।