हजारीबाग में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उपायुक्त हेमन्त सती ने विभिन्न स्थानों पर स्थित दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पौधारोपण किया।

उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कुम्हारटोली, हजारीबाग स्थित गांधी स्मारक पर भी माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को नमन किया। वहीं, इन्द्रपुरी चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य, अहिंसा, शांति एवं स्वच्छता का संदेश तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।