केंद्र सरकार की ओर से लाए जाने वाले संभावित परिसीमन बिल को लेकर झारखंड की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की ने रांची में एक प्रेस वार्ता कर इस मुद्दे पर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि परिसीमन की आड़ में झारखंड की आदिवासी आरक्षित सीटों को कम करने की कोशिश की जा सकती है, जिससे राज्य के मूलवासियों और आदिवासियों के राजनीतिक भविष्य पर सीधा असर पड़ेगा।
मीडिया से बात करते हुए बंधु तिर्की ने स्पष्ट किया कि वे अपनी इस मांग पर आज भी अडिग हैं कि झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित एक भी सीट कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में झारखंड विधानसभा में आदिवासियों के लिए 28 सीटें आरक्षित हैं। तिर्की के अनुसार,यदि परिसीमन के तहत सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है,तो इस अनुपात में आदिवासी सीटों की संख्या घटने के बजाय बढ़कर 42 होनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने पहले ही 31 अगस्त को रांची के मोरहाबादी मैदान में एक विशाल महारैली का आयोजन किया था।
इस दौरान पूर्व मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर भी सीधा निशाना साधा। बंधु तिर्की का आरोप है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा झारखंड में अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है,इसलिए वह परिसीमन के जरिए एक ऐसा 'चक्रव्यूह' रचना चाहती है जिससे सत्ता हासिल की जा सके। उन्होंने चिंता जताई कि झारखंड की स्थिति कहीं असम जैसी न हो जाए। तिर्की ने यह भी कहा कि यदि संसद से परिसीमन बिल पास हो जाता है और मामला परिसीमन आयोग के पास जाता है,तो आयोग के फैसले को बाद में अदालत में चुनौती देना बेहद मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री और संसदीय कार्य मंत्री को इस संवेदनशील मुद्दे की गंभीरता समझाएं।
बंधु तिर्की ने जानकारी दी कि इस मामले को लेकर उनकी लीगल कमेटी ने देश के कानून मंत्री को दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट सौंपी है। इसके अलावा राष्ट्रपति को भी ज्ञापन भेजा गया है, जिस पर जवाब भी मिला है। उन्होंने बताया कि झारखंड के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया है। तिर्की की मांग है कि संसद के सत्र में झारखंड के सांसद इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएं।आगे की रणनीति स्पष्ट करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि वे फिलहाल सरकार के कदमों पर नजर रख रहे हैं। यदि झारखंड के हितों के खिलाफ कोई फैसला लिया जाता है, तो बड़ा जनआंदोलन होगा। इसी कड़ी में अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से रखने के लिए आगामी 30 नवंबर को सांकेतिक रूप से सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया जाएगा।
