बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के कंचनपुर में मछली पकड़ने के दौरान एक युवक खदान के पानी में डूब गया। युवक की पहचान मंगल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगल सिंह अपने चार दोस्तों के साथ मछली पकड़ने के लिए जाल लेकर खदान पहुंचा था। इसी दौरान जाल उठाते वक्त अचानक उसके हाथ-पैर कांपने लगे और वह पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए एक दोस्त ने भी पानी में छलांग लगाई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद मंगल सिंह का पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहीं, परिजनों की सूचना पर हरला थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तलाश में सफलता नहीं मिलने के बाद परिजन अब थाना पहुंचकर प्रशासन से आगे की मदद की गुहार लगा रहे हैं।