साइबर अपराधियों ने ठगी के लिए अब मोबाइल को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला एक ट्यूशन शिक्षक से जुड़ा है, जिनके बैंक खाते से 57 हजार रुपये की निकासी या खर्च होने का मैसेज आया।
शिक्षक के अनुसार, उनके मोबाइल में अचानक अपने आप डाउनलोड होने लगा। करीब 45 मिनट तक डाउनलोड की प्रक्रिया चलती रही। इस दौरान मोबाइल का कोई भी बटन काम नहीं कर रहा था। डाउनलोड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके पास खाते से 57 हजार रुपये खर्च होने का मैसेज आया।इसके बाद शिक्षक ने तत्काल थाने को सूचना दी और साइबर पुलिस को भी लिखित आवेदन सौंपा। वहीं, संबंधित थाना पुलिस ने बताया कि ऑटोमेटिक डाउनलोड के जरिए इस तरह की ठगी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिनमें लोगों के बैंक खाते खाली किए जाने की शिकायत मिली है।
फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मोबाइल में डाउनलोड किस तरह हुआ और खाते से पैसे कैसे निकाले गए।मोबाइल में अनजान फाइल या ऐप अपने आप डाउनलोड होने लगे, तो सतर्क हो जाएं। किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को न खोलें और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत बैंक और साइबर पुलिस को सूचना दें।
