NEWS DESK :बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है। बीजेपी की तरफ से आज भी सदन में जोरदार हंगामा किया गया। इस बीच भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा के साथ-साथ इंजीनियर शैलेन्द्र को मार्शल आउट किया गया। जीवेश मिश्रा और इंजीनियर शैलेन्द्र को मार्शल ने टांगकर सदन से बाहर कर दिया।
जीवेश मिश्रा को मार्शल आउट
इस पूरे प्रकरण पर संसदीय कार्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि बीजेपी के विधायक संसदीय परंपरा के खिलाफ काम कर रहे हैं लिहाजा बिहार विधानसभा अध्यक्ष कार्रवाई करने के लिए सक्षम हैं इसलिए स्पीकर ने बीजेपी के विधायकों को बाहर निकालने का आदेश दिया।

धरने पर बैठे बीजेपी विधायक
बिहार विधानसभा अध्यक्ष की इस कार्रवाई के बाद बीजेपी विधायक सदन से वॉकआउट कर गये। फिलहाल बीजेपी विधायक विधानसभा पोर्टिको में भी धरने पर बैठ गये हैं।
इससे पहले भी किया गया था बाहर
गौरतलब है कि इससे पहले भी बिहार विधानसभा में नालंदा और सासाराम हिंसा को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष आमने-सामने थी। इसको लेकर बीजेपी (BJP) के सदस्य वेल में पहुंचकर हंगामा करने लगे। फिर पूर्व मंत्री और विधायक जीवेश मिश्रा (Jivesh Kumar) के हंगामा करने पर विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने उन्हें सदन से बाहर निकालने का आदेश मार्शल को दिया था।

