पटना : जमुई जिले में 10वीं की छात्रा के साथ मारपीट और बदसलूकी से जुड़े वायरल वीडियो पर बिहार राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है. महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा की ओर से जमुई के पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

जमुई में 10वीं की छात्रा से बदसलूकी मामले में महिला आयोग सख्त, एसपी को कार्रवाई का निर्देश

आयोग की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे जमुई शहर से कोचिंग कर मड़वा पहाड़ से लौट रही 10वीं की छात्रा के साथ कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग ने जमुई एसपी से अपने स्तर से जांच कराने को कहा है. आयोग ने निर्देश दिया है कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

महिला आयोग ने पुलिस से की गई कार्रवाई से आयोग को अविलंब अवगत कराने को भी कहा है. आयोग की ओर से मामले को आवश्यक और गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी गई है.

वायरल वीडियो के आधार पर सामने आए इस मामले में अब पुलिस जांच और कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट-