बोकारो: एमएमडीआर संशोधन बिल को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर उतरने की तैयारी में है. कांग्रेस लोक भवन का घेराव करेगी. इसके साथ ही सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारी को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अब्दुल करीम अंसारी बोकारो पहुंचे,जहां उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत की. उन्होंने एमएमडीआर संशोधन बिल को झारखंड के हितों के खिलाफ बताया.
अब्दुल करीम अंसारी ने कहा कि बिना लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा किए बिल को पास किया जाना झारखंड के लिए हितकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बिल के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी.
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर भी निशाना साधा. अब्दुल करीम अंसारी ने आरोप लगाया है कि बाबूलाल मरांडी बिल को झारखंड के हित में बता रहे हैं,लेकिन कोयला चोरी के मुद्दे पर चुप हैं. उन्होंने धनबाद के बीजेपी सांसद ढुल्लू महतो पर कोयला चोरी का सरगना होने का आरोप लगाया है, कहा कि वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी हैं.
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया है कि जब चाहते हैं कोयला चोरी रुकवा देते हैं और जब चाहते हैं,शुरू करा देते हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से झारखंड में कोयला चोरी पूरी तरह बंद कराने की मांग की,ताकि कतरास में भू-धंसान की घटनाओं पर रोक लग सके.

