इलाके में मचा हड़कंप : संदिग्ध अवस्था में मिला विवाहिता का शव, 11 महीने पहले हुई थी शादी


बड़ी खबर आ रही है जिला बक्सर से जहां एक कुआं में विवाहिता का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। विवाहिता पिछले तीन दिनों से लापता थी। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और मामले की तहकीकात में जुट गई।
पूरा मामला बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र के बारूपुर गांव का है। आपको बता दें कि मृतका ने श्रीराम साह के साथ प्रेम विवाह किया था। श्रीराम साह की 21 वर्षीय पत्नी रीता देवी पिछले 11 दिसंबर से घर से गायब थी। उसकी खोजबीन की जा रही थी लेकिन कहीं अता-पता नहीं चल रहा था।
इसी बीच 3 दिन बाद मंगलवार को गांव के ही नजदीक एक पुराने कुएं से उसका शव बरामद किया गया। पुलिस, मृतका के पति और उसकी सास को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीँ इस मामले में सहायक अवर निरीक्षक संजय विकास त्रिपाठी ने बताया कि मृतक महिला के पति श्रीराम साह व उसकी सास मीना देवी ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। अभी तक इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गयी है।