HAPPY BITRHDAY DHONI : रांची में सिमरिया फार्महाउस के बाहर जुटे माही के फैंस,केक काटकर मनाया जन्मदिन
रांची:भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान यनी महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है. मंगलवार को राजधानी के रिंग रोड पर सिमरिया स्थित उनके फार्महाउस के बाहर प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला. फार्महाउस के बाहर बड़ी संख्या में फैंस जुटे और केक काटकर अपने पसंदीदा क्रिकेटर माही का जन्मदिन मनाया. इस दौरान 'हैप्पी बर्थडे माही' से पूरा माहौल गूंज उठा. माही के फैंस हाथों में धोनी की तस्वीर और पोस्टर लेकर पहुंचे थे. कुछ फैंस भारतीय टीम की जर्सी पहनकर इस खास दिन को मनाने पहुंचे थे.

कैप्टन कूल' के नाम से मशहूर धोनी के फैंस ने फार्महाउस के बाहर केक काटकर उनके लंबे एवं स्वस्थ जीवन की कामना की. देश ही नहीं, दुनियाभर में फैले करोड़ों प्रशंसक सोशल मीडिया और विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए अपने पसंदीदा क्रिकेटर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं. धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं. उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 का T-20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा है.
शांत स्वभाव, शानदार नेतृत्व क्षमता और बेहतरीन फिनिशर के रूप में उनकी पहचान आज भी क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में कायम है. 45वें जन्मदिन पर सिमरिया फार्महाउस के बाहर जुटे प्रशंसकों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि माही की लोकप्रियता आज भी पहले जैसी ही बरकरार है.





