GOPALGANJ : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद गोपालगंज पहुंच चुके हैं। लालू प्रसाद के साथ उनकी पत्नी राबड़ी देवी भी है। फिलहाल दोनों सर्किट हाउस में रूके हुए हैं, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
गोपालगंज पहुंचे लालू प्रसाद-राबड़ी देवी
जानकारी के मुताबिक लालू प्रसाद और राबड़ी देवी मंगलवार की सुबह गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर में मत्था टेकेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे अपने पैतृक गांव फुलवरिया के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वे परिवार के साथ पूजा-अर्चना करेंगे। पूजा-पाठ की सारी तैयारियां कर ली गई हैं। लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के गोपालगंज पहुंचने पर आरजेडी समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।

तेजस्वी ने भी किए थे थावे वाली मां के दर्शन
गौरतलब है कि बिहार के डिप्टी सीएम और लालू प्रसाद के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव बीते साल सितंबर महीने में गोपालगंज गये थे। उस वक्त तेजस्वी यादव ने भी थावे वाली माता के दर्शन किए थे। तब तेजस्वी यादव ने थावे में मेडिकल कॉलेज खोलने की भी घोषणा की थी, जिसके लिए उन्होंने 500 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया था।
नहीं कम हो रही हैं लालू प्रसाद की मुश्किलें
विदित है कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। CBI ने एकबार फिर लालू प्रसाद की मुश्किलें को और बढ़ा दिया है। पटना के मरीन ड्राइव पर सैर-सपाटे की तस्वीरें वायरल होने के बाद सीबीआई ने लालू प्रसाद की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगायी है।
लालू प्रसाद की सेहत में हो रहा सुधार
इस मामले पर अब 25 अगस्त 2023 को सुनवाई होनी है इसलिए 25 अगस्त से पहले लालू प्रसाद अपनी पत्नी राबड़ी देवी के साथ अपने पैतृक गांव की यात्रा पर निकल गये हैं। फिलहाल वे किडनी ट्रांसप्लांट के बाद रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उन्हें खान-पान के साथ कई चीजों का विशेष ख्याल रखना पड़ता है। वे लोगों से अक्सर एक निश्चित दूरी बनाकर रहते हैं। हालांकि उनकी सेहत में पहले से काफी सुधार हुआ है।
अब 25 अगस्त को होगी सुनवाई
गौरतलब है कि चारा घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की जमानत रद्द कराने के लिए CBI ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगायी है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका मंजूर कर ली है। इस पर अब 25 अगस्त को सुनवाई होगी।

