गिरिडीह में अदा की गई विशेष नमाज : लोगों ने एक-दूसरे को दी बकरीद की मुबारकबाद
गिरिडीह: जिले की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में गुरूवार को मुस्लिम धर्मावलंबियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा पर नमाज अदा की गई. लोगों ने विशेष नमाज अदा कर देश में अमन,चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी.
इसके बाद परंपरा अनुसार बकरे की कुर्बानी दी गई. बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा. बकरीद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया था.
त्योहार पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. इस मौके पर लोगों ने आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए समाज में सद्भाव बनाए रखने की अपील की. जिले में पूरे उत्साह, और भाईचारे के साथ पर्व मनाया जा रहा है.





