रांची : कैश कांड मामले में कांग्रेस विधायक अनूप सिंह आज ईडी के सामने पेश होंगे. बेरमो के कांग्रेस विधायक अनूप सिंह को ईडी ने16दिसंबर को समन जारी किया था. ईडी दफ्तर में सुरक्षा के खास इंतजाम किया गया है. यह दूसरी बार होगा जब बेरमो विधायक को ईडी के द्वारा पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर बुलाया जा रहा है.

बता दें कि कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी भारी मात्रा में कैश के साथ 30 जुलाई 2022 को हावड़ा के पांचला से कोलकाता पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये थे. इन तीनों विधायकों पर पैसे लेकर भाजपा में शामिल होने का आरोप था. उसके बाद कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने इन तीनों विधायक के खिलाफ अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

विधायक अनूप सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने आलाकमान तक यह बातें पहुंचाई थी और तीनों विधायकों को कांग्रेस पार्टी से निलंबित किया गया था.