धनबाद : भूमि संरक्षण सर्वेक्षण पदाधिकारी ने नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धार तालाबों का किया निरीक्षण
धनबाद:जिले में गिरते भू-जल स्तर में सुधार लाने को लेकर और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भूमि संरक्षण विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहा है. इसी क्रम में भूमि संरक्षण सर्वेक्षण पदाधिकारी मधुकर शुक्ल ने जिले के 20 तालाबों का निरीक्षण किया. इसी क्रम में वे पूर्वी टुंडी प्रखंड का दौरा कर विभिन्न तालाबों के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लिया. भूमि संरक्षण सर्वेक्षण पदाधिकारीपूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय के पास बामनबाद गांव पहुंचे. जहां उन्होंने तालाब निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जानकारी ली.
इस योजना का मुख्य उद्देश्य तालाबों के जरिए वर्षा जल का संचयन कर जल स्तर को बनाए रखना है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके.पशुओं के पीने के लिए पानी की व्यवस्था और ग्रामीणों के दैनिक कार्यों के लिए भी सुविधा प्रदान करना है.
भूमि संरक्षण सर्वेक्षण पदाधिकारी मधुकर शुक्ल ने बताया कि यह सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है. उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो किसान अपने क्षेत्र में तालाब निर्माण या पुराने तालाब का जीर्णोद्धार कराना चाहते हैं, वे आसानी से आवेदन कर सकते हैं.
इच्छुक किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए भूमि संरक्षण सर्वेक्षण कार्यालय में अपना आवेदन दे सकते हैं. सरकार का लक्ष्य है कि जल संचयन के माध्यम से किसानों की आय और जीवन स्तर में सुधार आए.





