देवघर : खबर है देवघर की जहां रिखिया थाना क्षेत्र के ताराबाद टोला में आपसी दुश्मनी में गोली बारी की घटना घटी है. हत्या की नियत से आए युवक ने एक व्यक्ति के घर में गोली चलाई. घटना में सोये हुए व्यक्ति बाल बाल बच गए. पीड़ित व्यक्ति ने रिखिया थाना में लिखित शिकायत की है.


घटना के बारे में बताया जा रहा है कि अभिषेक मंडल अपने भाई सोनू कुमार के साथ कमरे में सोए हुए थे. तभी अहले सुबह 3:30 बजे के आसपास उनके घर का डोरवेल बजा. डोरवेल बजते ही सभी जाग गए. अभिषेक मंडल खिड़की के पास जाकर पूछा कि बाहर कौन है. तभी गांव के ही भिखारी यादव अचानक खिड़की के पास आकर उसके ऊपर फायरिंग शुरु कर दी. गनीमत रही की गोली अभिषेक मंडल को न लगकर दीवाल में जा लगी. गोली की आवाज से घर के अन्य सदस्य भी जग गए और सभी घबराकर छत पर चढ़ गए. हो हल्ला करने के बाद भिखारी यादव काले रंग की बाइक से वहां से फरार हो गया.


अभिषेक मंडल ने इसकी लिखित शिकायत रिखिया थाना में कर दी है. थाना प्रभारी शुभम कुमार गोप ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और गोली चलाने वाले की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सुबह-सुबह ताराबाद टोला में गोलीबारी की घटना से आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है.