दर्दनाक हादसा : सहरसा में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, परिवार में पसरा मातम
सहरसा: बड़ी खबर बिहार के सहरसा से है जहां जिले के पतरघट प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धबोली दक्षिण पंचायत के टेकनमा मुसहरी गांव में शनिवार सुबह पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 2 मासूम बच्चों की मौत हो गई. घटना से इलाके में सनसनी है.
जानकारी के अनुसारधबोली दक्षिण पंचायत के टेकनमा मुसहरी गांव में बच्चों के माता-पिता खेत में काम करने गए हुए थे. इसी दौरान दोनों बच्चे घर के पास लगे चापाकल के समीप खेलने पहुंचे. चापाकल के पास बने पानी से भरे गड्ढे में अचानक दोनों फिसलकर गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई. मृतक बच्चों की पहचान दिव्यांश कुमार और श्वेता कुमारी के रूप में हुई है. दोनों सगे भाई-बहन थे. उनके पिता का नाम जयकुमार सादा बताया जा रहा है. काफी देर तक बच्चों के नहीं दिखने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की. इसी दौरान दोनों बच्चों को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकाला गया,लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस पानी भरे गड्ढे की गहराई समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है. वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है.
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक खुले गड्ढों को भरवाने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है,ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
पटना से शशि मिश्रा की रिपोर्ट-





