लखीसराय :SIT को बड़ी कामयाबी मिली है। SIT ने करोड़ों रुपये गबन करने वाले CSP संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 12 दिसंबर 2023 को एसबीआई के ग्राहक सेवा केन्द्र, अमहरा के संचालक सूरज कुमार और उसके भाई नीरज कुमार द्वारा हजारों ग्राहकों के खाते से फर्जी तरीके से करोड़ रुपये निकाल कर फरार हो गया था, जिसके बाद ग्राहकों ने कई दिनों तक हंगामा और प्रदर्शन किया था।
पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक, लखीसराय के उपशाखा प्रबधंक आरिफ असर अंसारी के लिखित आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी सूरज और उसके भाई नीरज कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। एसआईटी ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर सूरज और उसके सहयोगी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी पंकज कुमार ने बताया कि सूरज कुमार और नीरज कुमार अमहरा थाना क्षेत्र स्थित सीएसपी कंपनी Save solutions pvt. ltd. का संचालन करता था, जहां से इन दोनों ने 5-6 हजार ग्राहकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और गबन कर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।
इसी दौरान दोनों के हरियाणा के फरीदाबाद में रहने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सूरज और नीरज ने बताया कि 2015 से सीएसपी केन्द्र संचालित कर रहे थे, उसी दौरान भाई नीरज की तबीयत खराब होने के कारण अधिक कर्ज हो गया, जिसके बाद दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से कई ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर ग्राहकों के खाते में पैसा जमा न करके अपने पास रख लेते थे, जब पैसा अधिक हो गया तो दोनों भाई सीएसपी केन्द्र और अपने घर में ताला बंद कर पूरे परिवार के साथ फरार हो गये। गबन किए गये पैसों के संबंध में पूछताछ की जा रही है, जिसकी जांच चल रही है।

